जिले में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कूड़ा संग्रहण की नियमित निगरानी की जाएगी
जिले में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अब घर-घर कूड़ा संग्रहण की नियमित निगरानी की जाएगी। बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की गई।डीएम ने सभी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक वार्ड और ग्राम पंचायत में नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाए। कूड़ा उठाने वाले वाहनों की उपलब्धता और संचालन की लगातार निगरानी की जाए, ताकि कहीं भी कूड़ा जमा न हो।
उन्होंने सभी निकायों को लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत यूजर चार्ज वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में चार-स्तरीय अपशिष्ट पृथक्करण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने घर से ही गीले, सूखे, घरेलू जोखिमयुक्त और सैनिटरी कचरे को अलग-अलग करने की व्यवस्था लागू कराने के निर्देश दिए। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को भी कहा गया। बैठक में कंपोस्ट पिट, वेस्ट ट्रांसपोर्टेशन एवं प्रोसेसिंग प्लांट, कूड़ा निस्तारण केंद्र, सैनिटरी लैंडफिल, लिगेसी वेस्ट और अवैध कूड़ा डंप साइटों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी डंप साइटों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, रैली, दीवार लेखन और जनजागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्वच्छतम पोर्टल पर पंजीकरण, प्रगति और दंडात्मक कार्रवाई के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के क्रियान्वयन की भी समीक्षा हुई।
The post जिले में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कूड़ा संग्रहण की नियमित निगरानी की जाएगी appeared first on rajputkhabar.

