हरिद्वार में आयोजित धामी सरकार की कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावो को मंजूरी मिली
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में विकास से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।बैठक में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, स्वास्थ्य, आवास और विकास योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। कैबिनेट बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी।
बैठक का प्रमुख निर्णय हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना से जुड़ा रहा। इस संस्थान के माध्यम से भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। संस्थान का संचालन सोसायटी मोड में किया जाएगा। इसके लिए समिति गठित करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर लेना है। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रियों की भी यही सामूहिक सोच है कि सरकार की निर्णय प्रक्रिया को जनसामान्य के और करीब लाया जाए। बैठक में केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड को दी गई विकास योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया गया।
बैठक में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और प्रदेश के विकास से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। आगामी विधानसभा सत्र गैरसैंण अथवा किसी अन्य स्थान पर आयोजित किए जाने से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। कैबिनेट के सभी 13 प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद सरकार ने विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने और जनहित से जुड़े निर्णयों पर जोर दिया।
The post हरिद्वार में आयोजित धामी सरकार की कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावो को मंजूरी मिली appeared first on rajputkhabar.

