शरद पूर्णिमा पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी
शरद पूर्णिमा पर धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को सुबह से ही गंगा घाटों पर स्नान और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे।हरकी पैड़ी पर नहरबंदी के चलते गंगा का जलस्तर कम होने से श्रद्धालुओं को स्नान करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नहर की सफाई के लिए चल रहे कार्य के कारण पानी कम किए जाने से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने चंडी घाट का रुख किया।
चंडी घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। चंडी पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ने से भीषण जाम की स्थिति बन गई। पुल और आसपास की सड़कों पर वाहन फंसने से राहगीरों और गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को परेशानी हुई।यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से यातायात को नियंत्रित करने तथा जाम खुलवाने में जुटी रही।पुलिसकर्मियों ने वाहनों की आवाजाही सुचारू कराने के साथ ही श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से गंगा स्नान कराने के प्रयास किए। पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते हरिद्वार में चहल-पहल बनी रही।
शरद पूर्णिमा को लेकर कई पौराणिक मान्यताएं भी हैं। मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात्रि को ही योगेश्वर श्रीकृष्ण ने महारास किया था।
The post शरद पूर्णिमा पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी appeared first on rajputkhabar.

