मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेले की तैयारियो को लेकर समीक्षा बैठक की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित सभी तैयारियां अक्टूबर माह तक हर हाल में पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे हों और उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। शासन स्तर पर कुंभ से जुड़ी कोई भी फाइल लंबित न रहे। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता भव्य, दिव्य और सुरक्षित कुंभ आयोजन की है।

मुख्यमंत्री ने सचिव लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि अगले 24 घंटे के भीतर कुंभ मेले के लिए आवश्यक तकनीकी पदों पर अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का ऑडिट कराने तथा सभी घाटों का सौंदर्यकरण और आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के लिए हर की पैड़ी के साथ-साथ अन्य सभी घाटों पर भी स्नान की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, प्रमुख स्थानों पर शौचालय व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल, जल पुलिस, ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही कानून व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर अलग से विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए।

The post मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेले की तैयारियो को लेकर समीक्षा बैठक की appeared first on rajputkhabar.

janvaani

किसी भी जानकारी / सुझाव व खबर हेतु संपर्क करें। 106 सीतापुर ज्वालापुर हरिद्वार । संपर्क सूत्र 7830946347

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share