धर्मनगर में पर्यटकों की भारी भीड़ से कई किलोमीटर लंबा जाम लगा
धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार-रविवार को पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमारा गई. वीकेंड पर शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का ऐसा दबाव बढ़ा कि कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया.
हरिद्वार-दिल्ली नेशनल हाईवे, हर-की-पौड़ी मार्ग, रानीपुर और ज्वालापुर रोड समेत शहर के लगभग सभी प्रमुख रास्तों पर वाहन घंटों रेंगते नजर आए. कई जगहों पर वाहनों की कतार 3-4 किलोमीटर तक लंबी हो गई. पर्यटक बसों, निजी वाहनों और श्रद्धालुओं की दोपहिया गाड़ियों की भारी आमद ने ट्रैफिक को पूरी तरह ठप कर दिया. यातायात पुलिस ने जाम को नियंत्रित करने के लिए पूरे शहर में मोर्चा संभाल रखा है. ट्रैफिक पुलिसकर्मी चौराहों पर लगातार ड्यूटी दे रहे हैं, फिर भी भीड़ के आगे व्यवस्था फेल होती नजर आई.शहर में जाम में फंसे यात्रियों ने काफी परेशानी का सामना किया. एक पर्यटक ने बताया, ‘हम सुबह से जाम में फंसे हैं. हरिद्वार घूमने आए थे, लेकिन जाम के कारण काफी समय बर्बाद हो गया.’ कुछ लोगों ने कहा कि बारिश होने के कारण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन जाम की समस्या ने यात्रा को बेहद कष्टदायक बना दिया.
हरिद्वार यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक वाहनों से बचें. साथ ही पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. अधिकारियों के अनुसार, वीकेंड और गर्मियों की छुट्टियों के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या अचानक बढ़ गई है, जिससे यह स्थिति बनी. पुलिस ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक भीड़ बनी रहने की संभावना है, इसलिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा.
The post धर्मनगर में पर्यटकों की भारी भीड़ से कई किलोमीटर लंबा जाम लगा appeared first on rajputkhabar.

