अर्धकुंभ मेले की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा तैयारिया तेज की
आगामी अर्द्धकुंभ मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं।मेले के दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में 09 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके साथ ही आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और राहत-बचाव कार्यों को सुगम बनाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस करने के लिए हरिद्वार में अत्याधुनिक कमांड कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। यह कंट्रोल रूम 13 अलग-अलग ग्रिडों से जुड़ा होगा, जिससे पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर एकीकृत रूप से नजर रखी जा सकेगी। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय लेने में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अर्द्धकुंभ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की तैनाती भी प्रस्तावित है। संवेदनशील स्थलों और प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी अलग-अलग स्तर पर सुरक्षा योजना तैयार की जा रही है।
The post अर्धकुंभ मेले की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा तैयारिया तेज की appeared first on rajputkhabar.

