कुलसचिव के साथ मारपीट 4 लोग गिरफ्तार
हरिद्वार में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारियों ने कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने मामले में वायरल वीडियो के आधार पर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज, महामंत्री नरेंद्र मलिक, उमाशंकर और ओमवीर को गिरफ्तार किया है।
विश्वविद्यालय के कर्मचारी मांगों को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे। शुक्रवार को विश्वविद्यालय प्रशासन और कर्मचारी यूनियन के बीच कई घंटे वार्ता चली। कई मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन स्थगित करने पर सहमति जताई। कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक के अनुसार देर रात कुलसचिव की ओर से उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इससे कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। आरोप है कि शनिवार सुबह कुलपति कार्यालय के बाहर कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार को कर्मियों ने जमीन पर गिराकर पीटा। कनखल थाना के एसएसआई अनुज कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।
The post कुलसचिव के साथ मारपीट 4 लोग गिरफ्तार appeared first on rajputkhabar.

