वस्त्र एवं विदेश केंद्रीय राज्य मंत्री ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की गहनता से समीक्षा की
वस्त्र एवं विदेश केन्द्रीय राज्यमंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार पहुंचकर जनपद में आकांक्षी जनपद के अन्तर्गत चल रहे विकास कार्यों की गहनता से समीक्षा की।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाया जाये। शत प्रतिशत एएनसी रजिस्टर्ड हों तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जाये। उन्होंने कहा कि जनपद को एनीमिया मुक्त बनाया जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि माइग्रेट गर्भधात्रियों को चिह्नित करते हुए सम्बन्धित जिलों से उनके इन्स्टीट्यूशनल या होम डिलीवरी आदि के बारे में जानकारी लेने का मैकेनिज्म विकसित किया जाये। उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि गुणवत्तायुक्त शिक्षा मुहैया कराई जाये, ड्रॉप आउट बच्चों को चिह्नित करते हुए शिक्षा से जोड़ा जाये। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आने वाले तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के बौद्धिक एवं शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने जनपद में सिंचाई कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में ड्रिप तथा स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा दिया जाये। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में युवाओं को उनकी इच्छा के अनुरूप कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाये। जनपद में 15 से 29 वर्ष तक की आयु वर्ग के व्यक्तियों को चिह्नित किया जाये तथा रोजगार से सम्बन्धित विभिन्न पहलुओं पर सूचनाएं एकत्रित की जायें।
उन्होंने जनपद के सामाजिक एवं आर्थिक विकास, जनसंख्या, प्रशासनिक ढ़ांचा, आकांक्षी जनपद के अन्तर्गत अचीवमेंट, हेल्थ एण्ड न्यूट्रीशन, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास, आधारभूत संरचनाओं आदि के बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि जनपद हर सेक्टर में अच्छा कार्य कर रहा है और आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी सेक्टर में अच्छी पर्फोमेन्स पर जिलाधिकारी, जिला प्रशासन सहित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी।
The post वस्त्र एवं विदेश केंद्रीय राज्य मंत्री ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की गहनता से समीक्षा की appeared first on rajputkhabar.