स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रानीपुर कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया
स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में दर्ज मुकदमे के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को रानीपुर कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता महेश प्रताप सिंह राणा अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे और लॉकअप के बाहर बैठकर प्रतीकात्मक रूप से गिरफ्तारी देने की पेशकश की।उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है तो वह गिरफ्तारी के लिए स्वयं उपस्थित हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि चार दिन पहले ऊर्जा निगम ने कांग्रेस नेता महेश प्रताप सिंह राणा और शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विभाष सिन्हा के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।इसी के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और इसे जनहित के मुद्दे पर आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश बताया। महेश प्रताप सिंह राणा ने कहा कि ऊर्जा निगम बिना उपभोक्ताओं की सहमति के उनके घरों में स्मार्ट मीटर लगा रहा है, जिसका लोग लगातार विरोध कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार किसी भी उपभोक्ता के घर में उसकी इच्छा के विरुद्ध स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जा सकता। उनका कहना था कि विभाग लोगों की आपत्तियों की अनदेखी कर जबरन कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जनता की आवाज उठाने पर मुकदमे दर्ज किए जाएंगे तो कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं। जनता के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
The post स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रानीपुर कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया appeared first on rajputkhabar.

