जिले में मानसूनी गतिविधियों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क
जिले में मानसूनी गतिविधियों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने शनिवार को जनपद की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि वर्तमान में आसमान में बादल छाए हुए हैं तथा जिले की सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं सामान्य और नियंत्रण में हैं।हालांकि पिछले दो दिनों में डूबने, सड़क हादसे और भारी बारिश के कारण मकान क्षतिग्रस्त होने जैसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें प्रशासन ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया।
रिपोर्ट के अनुसार, 10 जुलाई को खानपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के पास एक तालाब में नहाने के दौरान ग्राम लालचंदवाला निवासी 16 वर्षीय समद की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।
इसी दिन सिडकुल थाना क्षेत्र में राजा बिस्कुट फैक्ट्री के समीप एक ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार 17 वर्षीय रिशु, निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना तत्काल सिडकुल पुलिस को दी गई।
जिला प्रशासन के अनुसार, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों की रिपोर्ट में बताया गया है कि जिले के सभी प्रमुख मार्ग, संपर्क मार्ग व पुल पूरी तरह सुरक्षित हैं व यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
The post जिले में मानसूनी गतिविधियों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क appeared first on rajputkhabar.

