हरिद्वार जिला खनन अधिकारी को पद से हटाया गया
मोतीचूर क्षेत्र में नाले की खुदाई से निकली मिट्टी के कथित अवैध उठान की जांच के दौरान हुए विवाद के बाद शासन ने जिला खनन अधिकारी कासिम रजा को हरिद्वार से हटा दिया है। उन्हें खनन निदेशालय से संबद्ध किया गया है।उनकी जगह अमित गौरव को हरिद्वार के जिला खनन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास नाले की खुदाई से निकली मिट्टी को बिना अनुमति निजी भूमि पर डाले जाने की शिकायत उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत ने प्रशासन से की थी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला खनन अधिकारी कासिम रजा मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे।
जांच के दौरान गोकुल सिंह रावत और जिला खनन अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने जिला खनन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया था। मामले ने तूल पकड़ने के बाद शासन स्तर पर संज्ञान लिया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि शासन के आदेश पर कासिम रजा को हरिद्वार से हटाकर खनन निदेशालय से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं अमित गौरव ने जिला खनन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया है।
The post हरिद्वार जिला खनन अधिकारी को पद से हटाया गया appeared first on rajputkhabar.

