स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हुआ

हरिद्वार में राजकीय अतिथि के रूप में पधारे 18 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की उपस्थिति में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार राष्ट्रीय सम्मेलन एक नए इतिहास का सृजन करते हुए सम्पन्न हुआ।

भारत सरकार के विदेश एवं कपड़ा राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम के दूसरे सत्र की शुरुआत की। उन्हाेंने कहा कि आज मैं कुंभ नगरी हरिद्वार में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का महाकुंभ देखकर अभिभूत हूं। यह मेरे लिए सौभाग्यशाली क्षण है। इन्हीं पराक्रमी महापुरुषों के कारण आज हम आजाद भारत में खुली सांस ले रहे हैं। इनका जितना अधिक नमन-वंदन किया जाए, कम है।उन्होंने कहा कि इस मंच से जो विषय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी ने रखे हैं, उन्हें केंद्र सरकार तक अवश्य पहुंचाऊंगा और शीघ्रातिशीघ्र इन पर अमल किया जाएगा। स्थानीय विधायक आदेश चौहान ने स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा देशभर में सेनानी परिवारों को संगठित करने के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हम हर क्षण आप लोगों के साथ हैं।

इसी सत्र में राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने केन्द्रीय मंत्री के समक्ष दिल्ली में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक बनाने, एमिनेंट कमेटी ने सेनानी परिवारों के संगठनों को मनोनीत करने, राज्यसभा, केंद्र सरकार की विभिन्न समितियों, विधान परिषदों तथा नगर निकायों में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के उत्तराधिकारियों को मनोनीत करने, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार कल्याण परिषद का गठन करने, दिल्ली में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी सेवा सदन का निर्माण कराने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का जीवन परिचय जिलेवार प्रकाशित करके प्राथमिक विद्यालयों में पाठ्यक्रम में शामिल करने तथा स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को विशेष पहचान देकर केंद्र सरकार द्वारा परिचय पत्र देने का प्रस्ताव रखा। इसके पूर्व प्रदर्शनी का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी पीएल शाह ने किया। दिल्ली के प्रेम शुक्ला द्वारा अपने रक्त से निर्मित प्रदर्शनी को देखकर लोग भाव-विभोर हो गए।

The post स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हुआ appeared first on rajputkhabar.

janvaani

किसी भी जानकारी / सुझाव व खबर हेतु संपर्क करें। 106 सीतापुर ज्वालापुर हरिद्वार । संपर्क सूत्र 7830946347

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share