मेला अधिकारी ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया

आगामी वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुम्भ मेले के दृष्टिगत देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने हेतु मेला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।कुम्भ मेले के दौरान रेल मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए हरिद्वार सहित अन्य निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों पर आवश्यक अतिरिक्त सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जमीनी कवायद तेज कर दी गई है।

इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शुक्रवार को मेला प्रशासन एवं रेलवे अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कुम्भ मेले के दृष्टिगत रेलवे द्वारा प्रस्तावित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने कहा कि यह स्टेशन श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रमुख केंद्र है, अतः यहां की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहराव स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रतीक्षा क्षेत्र तथा मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन एवं यातायात संचालन की कार्ययोजना की निरंतर समीक्षा कर इसे त्रुटिहीन बनाया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कुम्भ अवधि में आवश्यकता अनुसार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाए। प्लेटफॉर्म एवं स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की नियमित सफाई तथा प्रतीक्षालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने आगमन एवं प्रस्थान मार्गों के सुव्यवस्थित प्रबंधन, स्टेशन पर पर्याप्त होल्डिंग एरिया की व्यवस्था, टिकट काउंटरों की संख्या में आवश्यकतानुसार वृद्धि, हेल्पडेस्क के प्रभावी संचालन तथा उद्घोषणा प्रणाली को सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया।

The post मेला अधिकारी ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया appeared first on rajputkhabar.

janvaani

किसी भी जानकारी / सुझाव व खबर हेतु संपर्क करें। 106 सीतापुर ज्वालापुर हरिद्वार । संपर्क सूत्र 7830946347

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share