जनसुनवाई कार्यक्रम में 65 शिकायत दर्ज की गई
हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में सोमवार को फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 65 शिकायतें दर्ज की गईं।इनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड और सिंचाई से जुड़े मामले प्रमुखता से उठाए गए। लालढांग, भगवानपुर, लक्सर, बहादराबाद और हरिद्वार क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कई शिकायतें भूमि पैमाइश, विद्युत कनेक्शन, अवैध कब्जे और पेयजल व्यवस्था से संबंधित रहीं।
सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
The post जनसुनवाई कार्यक्रम में 65 शिकायत दर्ज की गई appeared first on rajputkhabar.

