बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम ने ज्वालापुर क्षेत्र में छापेमारी की
बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बकाया राजस्व की वसूली के लिए ऊर्जा निगम ने बुधवार को अभियान के तहत कार्रवाई की। इस दौरान अधिशासी अभियंता ज्वालापुर आशुतोष तिवारी के निर्देश पर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर आठ स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी।
निगम ने संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को एसडीओ प्रथम शिल्पी सैनी के नेतृत्व में टीम ने बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीतापुर, पांवधोई और वाल्मीकि बस्ती में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने आठ स्थानों पर बिजली चोरी के मामले पकड़े।
साथ ही लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर भी शिकंजा कसा। अभियान के दौरान दस बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। ईई आशुतोष तिवारी ने बताया कि बिजली चोरी और बकाया वसूली के मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में जेई नीरज सैनी, स्वीटी सैनी, लाइन स्टाफ से राव जुबैर अली सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
The post बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम ने ज्वालापुर क्षेत्र में छापेमारी की appeared first on rajputkhabar.

