जूना अखाड़े के रमता पंचों ने अर्धकुम को लेकर अपनी पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां शुरू की
अर्द्धकुंभ मेला-2027 की धार्मिक गतिविधियों का आगाज हो गया है। देव दीपावली के अवसर पर हरिद्वार पहुंची श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात ने पांडेवाला स्थित प्रवास स्थल पर अपनी पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं।अखाड़े के इष्टदेव की विधि-विधान से प्रतिष्ठा, चारों दिशाओं में मढ़ियों की स्थापना और धूनियां प्रज्वलित होने के साथ ही संतों की साधना का क्रम शुरू हो गया है। धूनी की पवित्र अग्नि, मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पांडेवाला का वातावरण भक्तिमय हो उठा है।
अखाड़े की परंपरा के अनुसार प्रवास स्थल पर चारों दिशाओं में चार मढ़ियों के तंबू स्थापित किए गए हैं। इनमें धूनी प्रज्वलित कर संतों ने पूजा-अर्चना, जप, ध्यान और तप-साधना शुरू कर दी है। साथ ही अखाड़े के पारंपरिक शस्त्रों को भी स्थापित किया गया है। शास्त्र और शस्त्र को समान महत्व देने वाली अखाड़ा परंपरा में इनका विशेष स्थान है।रमता पंचों के आगमन पर तीर्थ पुरोहितों के संगठन पंचायती धड़ा फिराहेडियान-1200 की ओर से परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया। संगठन के अध्यक्ष सचिन कौशिक, मंत्री उमाशंकर वशिष्ठ और कोषाध्यक्ष अनिल कौशिक ने अखाड़े के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रवास संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।
The post जूना अखाड़े के रमता पंचों ने अर्धकुम को लेकर अपनी पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां शुरू की appeared first on rajputkhabar.

