युवको ने नशे की हालत मे कार से श्रद्धालुओं को कुचला अपरा तफरी मची
हरकी पैड़ी क्षेत्र में शनिवार की शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूपी से आए चार युवकों ने नशे की हालत में कार से पहले श्रद्धालुओं को टक्कर मारी।फिर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर जीरो जोन में घुस गए।हादसे में चार लोग घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने कार घेर ली, दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार यूपी के बागपत नंबर की कार में सवार चार युवक कथित रूप से नशे की हालत में शहर में तेज रफ्तार से घूमते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने भीड़ के बीच कार दौड़ा दी, जिससे चार श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद रुकने के बजाय चालक ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी तथा पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सीधे जीरो ज़ोन में घुस गया।घटना से क्षेत्र में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने कार का पीछा कर उसे चारों ओर से घेर लिया। आक्रोशित भीड़ ने दो युवकों को कार से बाहर निकाल लिया। इस दौरान मौके का फायदा उठाकर दो अन्य युवक फरार हो गए। लोगों का गुस्सा इस कदर फूट पड़ा कि कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। शीशे चकनाचूर कर दिए गए और पकड़े गए युवकों की लाठी-डंडों, चप्पलों और घूंसों से पिटाई कर दी गई। उनके कपड़े तक फट गए।
सूचना मिलते ही हरकी पैड़ी और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया और हिरासत लिया। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात भी सुचारु कराया गया।पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उनके नशे में होने की पुष्टि हुई। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, फरार दो युवकों की तलाश जारी है।
The post युवको ने नशे की हालत मे कार से श्रद्धालुओं को कुचला अपरा तफरी मची appeared first on rajputkhabar.

